सर्वे: यूपी-बिहार में BJP की लॉटरी, मोदी PM के रूप में पहली पसंद
इंडिया टुडे-CICERO ने बिहार और उत्तर प्रदेश के वोटरों का मिजाज जानने के लिए चुनाव पूर्व सर्वे किया, जो 30 मार्च से 2 अप्रैल के बीच किया गया. इस सर्वे में बिहार और यूपी के लोगों के बीच नरेंद्र मोदी पीएम के तौर पर पहली पसंद बनकर उभरे. सर्वे में बीजेपी और उसका गठबंधन दोनों राज्यों में सबसे बड़े दल या गठबंधन के रूप में भी उभर रहे हैं.
प्रतीकात्मक तस्वीर — डेमो साइट
जब बिहार के वोटरों से पूछा गया कि वे किसे प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे बेहतर मानते हैं तो वहां के 42 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया, जबकि 15 प्रतिशत लोग मानते हैं कि राहुल गांधी बेहतर प्रधानमंत्री साबित हो सकते हैं. राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सिर्फ 13 फीसदी लोग ही प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त मानते हैं.
उत्तर प्रदेश के इसी वोट प्रतिशत को अगर सीटों में बदला जाए तो राज्य की 80 में से बीजेपी को 42-50 सीटें तक मिलने का अनुमान है. जबकि समाजवादी पार्टी 15-21, कांग्रेस 6-13, बीएसपी 9-13 और अन्य की झोली में 0-2 सीट तक जा सकती हैं. उत्तर प्रदेश के 38 फीसदी लोग नरेंद्र मोदी को अगले प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते है. मुलायम सिंह यादव को 16 फीसदी और मायावती को 16 प्रतिशत लोग प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं.
सबसे चौंकाने वाली बात तो ये है कि अमेठी से चुनाव जीतते आ रहे राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के सिर्फ 13 फीसदी लोग बेहतर पीएम उम्मीदवार मानते हैं और वे यहां चौथे स्थान पर खिसक गए हैं. 6 फीसदी लोग अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री के तौर पर देखते हैं.